
बड़ी ख़बर: छात्र संघ चुनाव की आड़ में हुड़दंग किया तो होगी सख्त कार्यवाही — SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. “कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं, अघोषित रैली, रैश ड्राइविंग और गुटबाजी पर पुलिस की पैनी नजर।”
हल्द्वानी। छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर नैनीताल पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि चुनाव प्रचार की आड़ में शहर की शांति व्यवस्था को बिगाड़ने या किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि अघोषित रैलियों, सड़कों पर रैश ड्राइविंग (तेज व लापरवाही से वाहन चलाना) और माहौल खराब करने वाली गुटबाजी पर पुलिस की पैनी नजर है। नगर में कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की छूट किसी को नहीं दी जाएगी।
हल्द्वानी में छात्रों के दो गुटों की झड़प, FIR दर्ज
हल्द्वानी। शहर में छात्र संघ चुनाव प्रचार के दौरान छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए मामला दर्ज (FIR) कर लिया है। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाई रखी जा रही है।
दुर्गा सिटी सेंटर तोड़फोड़ प्रकरण में नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्यवाही—04 अभियुक्त गिरफ्तार
हल्द्वानी। दुर्गा सिटी सेंटर के समीप छात्रों के दो गुटों के बीच हुए गंभीर विवाद और तोड़फोड़ के मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया है। पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और हुड़दंग करने के आरोप में 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। SSP ने कहा कि भविष्य में भी ऐसी घटनाओं में शामिल तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।